विश्व आदिवासी दिवस पर ग्राम खजरी में जागरूकता कार्यक्रम; ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, अधिकारों और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी

SHARE:

रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर दमोह विकासखंड के ग्राम खजरी में शक्ति फाउंडेशन एवं समग्र कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता के साथ सामाजिक एकजुटता एवं सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारी आकाश पटेल ने आदिवासी समाज के अधिकारों, हितों और शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, छात्रवृत्ति, आजीविका तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ तभी प्रभावी रूप से अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकता है, जब लोग अपने अधिकारों और पात्रता के प्रति जागरूक हों। इसी उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। श्रमदान के माध्यम से ग्रामीणों ने आपसी सहयोग, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की। कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से आदिवासी समाज के सशक्तिकरण, जागरूकता और शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर गतिविधियां संचालित करने की बात कही गई।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई