रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। दीपावली का त्योहार खुशियों और रोशनी के साथ सुरक्षित माहौल में मनाया जाए, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) ने पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर मैदान में लगाए गए पटाखा बाजार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पटाखा दुकानदारों को शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्गों और अग्निशमन इंतजामों को बारीकी से देखा। उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक दुकान पर पर्याप्त मात्रा में अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर), रेत की बोरियां और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। किसी भी अप्रत्याशित घटना अथवा आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने सुरक्षा नियमों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत भी दी।
खुद खरीदे दीये-पटाखे, स्थानीय व्यापारियों के लिए दिया संदेश
निरीक्षण के दौरान एसपी श्री कलादगि ने केवल सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ही नहीं लिया, बल्कि स्वयं स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये और पटाखे खरीदकर स्थानीय कारोबारियों का उत्साह भी बढ़ाया। उनके इस कदम के माध्यम से सामाजिक सरोकार और स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहन देने का संदेश सामने आया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आमजन से अपील की कि त्योहार पर स्थानीय छोटे व्यापारियों, कुम्हारों और पटाखा विक्रेताओं से ही खरीदारी को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। हमारी छोटी-सी खरीदारी किसी मेहनतकश परिवार के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। स्थानीय विक्रेताओं से दीये और अन्य सामग्री खरीदकर उनके घरों में भी खुशियों के दीप जलाएं, ताकि उनकी दीपावली भी रोशन हो सके।
सुरक्षित दीपावली मनाने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करने, सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर सूचना देने की अपील की। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दीपावली पर्व को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना है।



