गणेश जी के अनछुए पहलुओं से रूबरू कराएगी ‘प्रथमेश्वर’, गणेश चतुर्थी पर डिजिटल किताब का विमोचन

रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के जीवन और उनसे जुड़ी पौराणिक कथाओं के अनछुए पहलुओं पर आधारित डिजिटल किताब ‘प्रथमेश्वर’ का विमोचन किया गया। पुस्तक का लेखन दमोह जिले के बांसा कलां निवासी अभिनव मुखुटी ने किया है। यह उनके द्वारा प्रकाशित दूसरी पुस्तक है। पुस्तक के संबंध में लेखक अभिनव मुखुटी ने बताया कि ‘प्रथमेश्वर’ में भगवान गणेश से जुड़े ऐसे अनेक विषयों और कथाओं को शामिल किया गया है, जिनके बारे में आमजन के मन में अक्सर जिज्ञासा रहती है। पुस्तक में गणेश जी द्वारा बोली गई गीता, गणेश जी का नारी स्वरूप, उनके आठ अवतार, उन्हें दूर्वा और मोदक अर्पित करने की परंपरा, ‘मोरिया’ शब्द के उच्चारण का महत्व, मूषक को उनका वाहन बनाए जाने की कथा और गणेश जी के एकदंत कहलाने से जुड़ी मान्यताओं सहित विभिन्न प्रसंगों को स्थान दिया गया है। इसके अलावा पुस्तक में भगवान गणेश के 25 प्राचीन एवं प्रसिद्ध मंदिरों का भी उल्लेख किया गया है। लेखक के अनुसार इस पुस्तक की सामग्री को तैयार करने में उन्होंने करीब पांच वर्षों तक अध्ययन एवं संकलन किया। पुस्तक के मुख्यपृष्ठ के विमोचन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के मंत्री एवं पथरिया विधायक लखन पटेल ने कहा कि ‘प्रथमेश्वर’ को पढ़ने से भगवान गणेश से जुड़ी जनसामान्य में प्रचलित कई किवदंतियों और मान्यताओं को समझने में मदद मिलेगी। साथ ही गणेश जी को लेकर मन में उठने वाले अनेक प्रश्नों के उत्तर भी पुस्तक के माध्यम से प्राप्त हो सकेंगे। भाजपा नेता अभिषेक भार्गव ने लेखक अभिनव मुखुटी द्वारा पांच वर्षों में किए गए संकलन का उल्लेख करते हुए बताया कि ‘प्रथमेश्वर’ डिजिटल रूप से 14 सितंबर गणेश चतुर्थी से 25 सितंबर अनंत चतुर्दशी तक फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नि:शुल्क पढ़ने के लिए उपलब्ध रहेगी। वहीं भाजपा नेता सिद्धार्थ मलैया ने कहा कि 67 पृष्ठों की इस डिजिटल किताब में भगवान गणेश के जीवन से जुड़ी पौराणिक कथाओं के साथ उनके प्रसिद्ध मंदिरों की जानकारी भी दी गई है। यह सामग्री विशेष रूप से बच्चों के ज्ञानवर्धन में उपयोगी सिद्ध हो सकती है। इस अवसर पर अभिनव मुखुटी द्वारा ‘प्रथमेश्वर’ का मुख्यपृष्ठ मंत्री लखन पटेल के अलावा रहली विधायक गोपाल भार्गव, दमोह विधायक जयंत मलैया, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, दमोह जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, गढ़ाकोटा नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, जिला पंचायत सदस्य राव बृजेन्द्र सिंह, दमोह युवक कांग्रेस अध्यक्ष दृगपाल सिंह लोधी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों को भेंट किया गया।

Leave a Comment