रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। जिले की मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना एक बार फिर विवादों में है। एमडीएम प्रभारी समन्वयक पी.एस पांडेय के संरक्षण में उनके वाहन चालक विनोद साहू पर कथित वसूली, विभागीय मामलों में दखल और अनधिकृत सक्रियता के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पूर्व में भी स्कूल निरीक्षण और निरीक्षण प्रतिवेदन से जुड़ी व्हाट्सएप चैट चर्चा में रही थीं। सूत्रों के अनुसार आरोप है कि विभागीय निरीक्षण से जुड़ी जानकारियों का उपयोग कर कथित रूप से “मैनेजमेंट” और “वसूली सिंडिकेट” संचालित किया जाता था। इन आरोपों और चैट्स की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच 18 जुलाई 2026 को कलेक्टर प्रताप नारायण के पटेरा विकासखंड स्थित शासकीय एकीकृत प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बमनपुरा के औचक निरीक्षण में मध्यान्ह भोजन संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पूजा एवं महिमा स्व-सहायता समूह को हटाकर विद्यालय में वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। इससे पहले भी संबंधित समूहों को 19 फरवरी 2026 को कार्यालयीन पत्र क्रमांक 9304 एवं 9306 के माध्यम से नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की गई। वहीं सूत्रों का दावा है कि पहले भी ऐसे मामलों में कथित मैनेजमेंट कर कार्रवाई दबाने की कोशिश होती रही।
कार्रवाई के बाद विभागीय आदेश कथित रूप से वाहन चालक विनोद साहू द्वारा स्व सहायता समूह संगठन के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा कर चुनौतीपूर्ण टिप्पणियां भी प्रसारित हुईं। हालांकि इस संदेशों की वास्तविक पुष्टि नहीं हो सकी है। वही इसके बाद यह सवाल और गहरा गया कि आखिर विभागीय आदेशों के प्रसारण, संगठनात्मक विवादों और संवेदनशील प्रशासनिक मामलों में एक वाहन चालक की कथित भूमिका किस अधिकार से तय हो रही है।
पूरे घटनाक्रम के बाद एमडीएम प्रभारी पी. एस पांडेय और उनके वाहन चालक विनोद साहू को लेकर कथित चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। यदि वायरल संदेशों और लगाए जा रहे आरोपों में तथ्य पाए जाते हैं, तो मामला केवल विभागीय अनुशासन का नहीं बल्कि शासकीय योजना में कथित अनधिकृत हस्तक्षेप और संभावित वसूली तंत्र की निष्पक्ष जांच का विषय भी बन सकता है। हालांकि इन आरोपों और वायरल संदेशों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। इस संबंध में एमडीएम प्रभारी समन्वयक पी.एस पांडेय से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका है।



