रिपोर्टर अतुल निगम (मैहर)
मैहर। मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार दोपहर NH-30 राजमार्ग पर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। तिलौरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता–पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक MP 19 ZK 5738 से भीमसेन कुशवाहा (26 वर्ष) अपने पिता रामक्लेश कुशवाहा (45 वर्ष) के साथ अमरपाटन से मैहर सिविल अस्पताल जा रहे थे। उनकी मासूम बेटी अस्पताल में भर्ती थी, जिसे देखने के लिए दोनों निकले थे। इसी दौरान NH-30 पर तिलौरा गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और पिता–पुत्र ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही नादन देहात पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




