- मैहर के ग्राम बंसीपुर में एक झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका कुंजी बाई पाल (निवासी बंसीपुर) कई दिनों से सर्दी-जुकाम व बुखार से पीड़ित थीं। शुक्रवार दोपहर अचानक तेज बुखार आने पर उन्होंने गांव में ही एक निजी क्लिनिक संचालक संपतलाल कनौजिया से उपचार कराया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कुंजी बाई अकेले ही रहती थीं और उनके परिजन बाहर रहते हैं। कई दिनों से स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद वह स्थानीय स्तर पर ही उपचार करा रही थीं। शुक्रवार को जब बुखार बढ़ा तो वह पास के क्लिनिक पहुँचीं, जहां इलाज के दौरान स्थिति बिगड़ गई।
मृतका के भांजे अमर पाल (निवासी बंसीपुर) ने क्लिनिक संचालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के 10–15 मिनट बाद ही कुंजी बाई की तबीयत अचानक बहुत खराब हो गई और उनकी मौत हो गई। भांजे ने लापरवाही और गलत उपचार का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
महिला की मौत के बाद आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। बाद में परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद मैहर थाना पुलिस मौके पर पहुँची।
शव को पोस्टमार्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस क्लिनिक संचालक के खिलाफ सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




