रिपोर्टर अमित शर्मा (8349348053)
बम्हौरी माल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बम्हौरी माल में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। सरपंच दिलीप मिश्रा ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल में रंग भर दिया।
कार्यक्रम में कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं एम.ए. में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
वहीं सरपंच दिलीप मिश्रा ने अपने जन्मदिन को यादगार बनाते हुए विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए। जन्मदिन पर खर्च करने के बजाय बच्चों के भविष्य और शिक्षा को प्रोत्साहित करने की यह पहल ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सचिव राजेश सिंह धुर्वे, रोजगार सहायक सचिव प्रदीप मिश्रा, उपसरपंच मोहनलाल यादव सहित ग्राम के वरिष्ठजन एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



