20 लाख की विधायक निधि पर बड़ा सवाल! सड़क अधूरी, पूरी राशि के आहरण का आरोप
दमोह। जिले के पटेरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत धनगांव में विधायक निधि की 20 लाख रुपये की राशि को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि विधायक उमा देवी खटीक द्वारा ग्राम पंचायत कालाकोट से भाटिया टोला तक सीसी रोड निर्माण के लिए स्वीकृत 20 लाख रुपये की राशि का पूरा आहरण कर लिया गया, जबकि सड़क निर्माण कार्य आज भी अधूरा पड़ा हुआ है।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि पंचायत के सरपंच और सचिव ने निर्माण कार्य पूरा किए बिना ही पूरी राशि का आहरण कर लिया। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब सड़क अधूरी है, तो सरकारी खजाने से 20 लाख रुपये की पूरी राशि आखिर किस आधार पर निकाल ली गई?
कागजों में पूरा काम, जमीन पर अधूरी सड़क?
धनगांव पंचायत की जनता अब सवाल पूछ रही है कि क्या सड़क निर्माण कार्य कागजों में पूरा दिखा दिया गया, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और है? विधायक निधि जनता के विकास और बुनियादी सुविधाओं के लिए दी गई थी या फिर अधूरे कार्यों के बावजूद राशि के आहरण के लिए?
मामले में जनपद पंचायत पटेरा के सीईओ हालधर मिश्रा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी जांच या कार्रवाई सामने नहीं आई है।
वहीं, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पंचायत के जिम्मेदारों को विधायक प्रतिनिधि भरत पटेल का संरक्षण प्राप्त होने के कारण कार्रवाई ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है और संबंधित पक्षों का पक्ष भी सामने आना आवश्यक है।
अब देखना होगा कि विधायक निधि के 20 लाख रुपये, अधूरी सीसी रोड और पूरी राशि के आहरण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कब होती है तथा जांच में दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
सवाल सीधा है—
जब सड़क अधूरी है, तो 20 लाख रुपये की पूरी राशि आखिर कहां गई?
खबर मध्यप्रदेश 24×7 न्यूज की नजर इस पूरे मामले पर बनी हुई है।



