रिपोर्टर : अमित शर्मा (8349348053)
दमोह/तेंदूखेड़ा। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत दरौली में विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। शिकायत में 15वें वित्त आयोग सहित अन्य मदों से स्वीकृत कार्यों में निर्माण की स्थिति और राशि के आहरण को लेकर सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार रोड से लेखा रम्मू के घर तक 200 मीटर सीसी रोड का कार्य 15वें वित्त से प्रस्तावित बताया गया है। इसी तरह गोकलपुर में शंकर जी मंदिर से रोड की ओर 200 मीटर सीसी रोड निर्माण का कार्य भी 15वें वित्त से होना बताया गया है। इन कार्यों की मौके पर जांच कर निर्माण की स्थिति और खर्च की गई राशि का सत्यापन किए जाने की मांग की गई है।
वहीं दरौली में यज्ञशाला मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के नाम पर करीब 1 लाख 96 हजार रुपए की राशि आहरित किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ता का कहना है कि मौके पर कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच की जाना आवश्यक है।
इसके अलावा पुलिस से तिगड़ा की ओर 1000 मीटर खाखरी (पशु अवरोधक बाउंड्रीवॉल) का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन शिकायत के मुताबिक करीब 500 मीटर ही निर्माण हुआ, जबकि राशि के आहरण को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
गोपालपुर बग्रास से फुलवारी की ओर खाखरी (पशु अवरोधक बाउंड्रीवॉल) का कार्य भी स्वीकृत होने के बावजूद आज दिनांक तक निर्माण नहीं होने का आरोप लगाया गया है। इसी प्रकार गोपालपुर श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण के नाम पर राशि आहरित किए जाने, लेकिन मौके पर कार्य नहीं होने की शिकायत भी सामने आई है।
शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि सभी कार्यों की मौके पर भौतिक जांच, माप पुस्तिका, स्वीकृति आदेश, बिल-वाउचर और भुगतान रिकॉर्ड का सत्यापन कराया जाए। यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



