- जबलपुर से भ्रष्टाचार की एक और शर्मनाक तस्वीर सामने आई है, जहां RTO कार्यालय में पदस्थ महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार को उसके सहयोगी के साथ रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर RTO में तैनात महिला आरक्षक श्वेता अहिरवार लंबे समय से अवैध वसूली के खेल में लिप्त बताई जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे और उसके सहयोगी को मौके पर ही दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि आम जनता से काम के नाम पर खुलेआम पैसे वसूले जा रहे थे। इस कार्रवाई ने न सिर्फ RTO कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी उजागर किया है कि किस तरह जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग ही भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।




