रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह/हटा। दशहरा चल समारोह को लेकर हटा पुलिस प्रशासन पूरी तरह से चुस्त और सतर्क है। समारोह को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और नगर में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का जायजा लेते हुए एसडीओपी प्रशांत सुमन और थाना टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुनिश्चित किया कि चल समारोह के मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त बल तैनात रहे।
ड्रोन से रखी जा रही कड़ी निगरानी
पुलिस प्रशासन ने दशहरा चल समारोह के दौरान कड़ी निगरानी रखने के लिए ड्रोन कैमरे का उपयोग किया जा रहा है। पूरे नगर में ड्रोन कैमरे से पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या असामाजिक तत्व की गतिविधि को समय रहते पहचाना और रोका जा सके। यह तकनीक भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके अतिरिक्त, शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस की यह तैयारी दशहरे के पावन पर्व को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
भाईचारे और सौहार्द्र की अपील
थाना टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय ने नगर के आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द्र के साथ इस पर्व को मनाएँ। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है और इसमें जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। टीआई ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से दशहरा पर्व हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा। पुलिस की इस मुस्तैदी और हाई-टेक निगरानी से यह स्पष्ट है कि हटा में दशहरा का भव्य और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए हैं।




