रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह/हटा। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय शाला/सांदीपनि विद्यालय रनेह में दिनांक 25 सितंबर 2025 को डीडीएम नाबार्ड, जिला अग्रणी बैंक मैनेजर, शाखा प्रबंधक यूबीआई रसीलपुर, विकासखंड प्रबंधक संदीप सिंह आजीविका मिशन हटा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों सहित विद्यालय परिवार की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिलाकर की गई, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। अधिकारियों ने स्वच्छता के महत्व को बताते हुए छात्रों को विद्यालय परिसर को साफ-सुथरा रखने हेतु प्रेरित किया। इस अवसर पर प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने मिलकर विद्यालय प्रांगण में सफाई अभियान चलाया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
सेवा पखवाड़े में इस बार संतुलित भोजन भी एक विशेष थीम रही। इस अवसर पर छात्रों को संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई और उन्हें स्वस्थ रहने के लिए पोषणयुक्त भोजन अपनाने की प्रेरणा प्रदान की गई। गौरतलब है कि 17 सितंबर 2025 से सेवा पखवाड़ा प्रारंभ हुआ है, जिसके अंतर्गत विद्यालय परिवार द्वारा प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन बेहतर रूप से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पधारे अधिकारियों ने विद्यालय के अनुशासन एवं छात्रों की सक्रियता की प्रशंसा की और प्राचार्य अरविंद राजोरिया के नेतृत्व में विद्यालय में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों को सराहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने जनपद एवं जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से अधूरी पड़ी बाउंड्री वॉल को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी। प्रबंधन ने बताया कि बाउंड्री वॉल अधूरी रहने के कारण गांव के लोग विद्यालय परिसर किनारे बाजार का कचरा एवं पॉलिथीन फेंक देते हैं, जिससे परिसर प्रदूषित होता है। इस संबंध में ग्राम पंचायत को दो बार लिखित सूचना भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। विद्यालय परिवार ने अधिकारियों से आग्रह किया है कि बाउंड्री वॉल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर छात्रों को सुरक्षित और प्रदूषणमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।




