रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। नोहटा थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला 15 सितंबर 2025 का है, जब ग्राम कुंजपुरा निवासी प्रेमबाई पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि चार अज्ञात बदमाशों ने उसके साथ मारपीट कर बंधक बनाते हुए कान के सोने के जेवर लूट लिए। प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक दमोह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दमोह एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा के निर्देशन में आरोपियों की तलाश तेज की गई। 22 सितंबर को पुलिस ने चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने 22 बकरियां (कीमत लगभग ₹1.80 लाख), एक मोबाइल फोन (₹5000), घटना में प्रयुक्त चाकू, एक सफेद मारुति एक्सेल कार (₹9 लाख), तथा एक नीली फ्रांग्स कार (₹8 लाख) जब्त की है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों पर पहले से भी थाना नोहटा एवं पवई में लूट व चोरी के प्रकरण दर्ज हैं। इस सफलता में थाना प्रभारी नोहटा उ.नि. अभिषेक पटैल, थाना प्रभारी तेजगढ़ उ.नि. अरविंद सिंह, थाना प्रभारी जबेरा उ.नि. विकास सिंह चौहान, शाहनगर थाना प्रभारी मनोज यादव, सउनि माधव राय, सउनि नागेन्द्र सिंह परिहार सहित प्रआर एवं आरक्षक दल तथा सायबर टीम की अहम भूमिका रही।




