हटा में सोशल मीडिया कमेंट से भड़का बवाल, कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा, कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के बयान से गरमाई सियासत

SHARE:

रिपोर्ट – शरद गर्ग (दमोह)
दमोह। जिले के हटा नगर में मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक कमेंट वायरल होने से साम्प्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार एक मुस्लिम युवक ने फेसबुक पर लव जिहाद को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसके बाद नगर में आक्रोश फैल गया। कमेंट वायरल होते ही हिंदू संगठनों और युवाओं की भीड़ थाने पहुंच गई और कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगी। इसी बीच मुस्लिम समुदाय के भी सैकड़ों लोग थाने पहुंचे और दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि मस्जिद चौराहे पर मुस्लिम समुदाय की ओर से पथराव भी किया गया, जिससे हालात और बिगड़ने लगे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमोह कलेक्टर और एसपी खुद मौके पर पहुंचे और हालात पर नियंत्रण पाने के लिए मोर्चा संभाला। हटा सहित अनुविभाग के अन्य थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर नगर में तैनात किया गया। अधिकारियों ने दोनों समुदायों के लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। प्रशासन ने साफ कहा कि किसी भी धर्म की आस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी, लेकिन कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
इस बीच, कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजा पटेरिया का बयान भी सुर्खियों में आ गया। उन्होंने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है और इसे योजनाबद्ध बताते हुए कहा कि – “यह सब जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने का प्रयास है। उपमुख्यमंत्री के दौरे के दिन, प्रशासन के सामने दोनों समुदाय आमने-सामने आ जाएं और गुप्तचर विभाग को भनक भी न लगे? यह संभव नहीं। यह कट्टरपंथियों का सुनियोजित ट्रायल है।”
पटेरिया ने दोनों समुदायों के लोगों से कट्टरपंथ और अफवाह फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा – “हम इस देश की साझा संस्कृति के वारिस हैं, यहां कट्टरपंथ पनप नहीं सकता। एक ओर जिला प्रशासन की तत्काल कार्यवाही जहां प्रशंसनीय है, तो वहीं, पूर्वानुमान ना होना उसे गहन संदेहास्पद भी है। शहर के हर अमन प्रेमी नागरिक का दायित्व है वह कट्टरपंथीयों का मंसूबा ध्वस्त करे,अन्यथा भविष्य का इतिहास इस “उपकाशी”के नाम का दंभ भरने वालों के मुहं कालिख वाला होगा।

Leave a Comment