रिपोर्ट – अमित शर्मा (8349348053)
दमोह। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट कार्यालय, जहां आम नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहीं अब मारपीट की घटना का वीडियो वायरल होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कलेक्ट्रेट की शिकायत शाखा में एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़ित युवक फूल सिंह लोधी ने शरीर पर चोट के निशान दिखाते हुए आरोप लगाया कि जमीन से जुड़ा करीब तीन वर्ष पुराना विवाद चल रहा है। उसके अनुसार, इस मामले में कब्जा किए हुए श्रीराम नामक व्यक्ति ने कलेक्ट्रेट की शिकायत शाखा में उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि पूरा मामला निबौरा कलां पंचायत से जुड़ा हुआ है।
गौरतलब है कि इसी कलेक्ट्रेट भवन में जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी बैठते हैं। ऐसे में कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर ही इस तरह की मारपीट होना और उसका वीडियो वायरल हो जाना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
वायरल वीडियो के अनुसार विवाद के दौरान काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही, लेकिन मौके पर न तो कोई वरिष्ठ अधिकारी नजर आया और न ही सुरक्षाकर्मी तत्काल स्थिति संभालते दिखाई दिए।
इस घटना ने कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब जिले के सबसे संवेदनशील प्रशासनिक परिसर में ही इस तरह की घटनाएं होने लगें, तो आम नागरिकों की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर क्या भरोसा किया जाए। फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे प्रकरण की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।




