रिपोर्ट – शरद गर्ग (8224930713)
दमोह/हटा। हटा कृषि उपज मंडी के समीप किसानों ने अपनी मांगों को लेकर आज रविवार से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया। धरने का मुख्य उद्देश्य भावांतर योजना के तहत सोयाबीन की लंबित राशि का शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग है। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हुए और किसानों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जल्द भुगतान की मांग उठाई। किसानों का कहना है कि सोयाबीन की फसल बेचे 2 महीने का समय बीत चुका है, लेकिन भावांतर योजना की राशि अब तक खातों में नहीं पहुंची है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
इस अनिश्चितकालीन आंदोलन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हटा के अध्यक्ष दीनदयाल पटेल कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक किसानों को उनका अधिकार नहीं मिलेगा और उनकी फसल का भुगतान नहीं होता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा, आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात है और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।




