रिपोर्टर : नितिन पंडित
बुरहानपुर। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के जनहित को ध्यान में रखते हुए बुरहानपुर में स्थानीय FM रेडियो स्टेशन स्थापित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में ताप्ती सेवा समिति ने कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों से शासन स्तर पर पहल करने की मांग की।
समिति ने कहा कि बुरहानपुर तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन स्थानीय FM रेडियो की सुविधा उपलब्ध नहीं है। रेडियो के माध्यम से मौसम, बारिश, बाढ़, सड़क जाम और आपातकालीन परिस्थितियों की त्वरित जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा सकती है। किसानों को मंडी भाव एवं कृषि योजनाओं, विद्यार्थियों को शिक्षा और रोजगार तथा महिलाओं एवं बुजुर्गों को स्वास्थ्य व सामाजिक जागरूकता संबंधी जानकारी मिल सकेगी।
समिति ने कहा कि स्थानीय FM स्टेशन से कलाकारों, गायकों, कवियों एवं युवाओं को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच मिलेगा, वहीं रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण क्षेत्रों तक आसान होगा। समिति ने मांग की कि बुरहानपुर में स्थानीय FM रेडियो स्टेशन की स्थापना के प्रस्ताव को प्राथमिकता से शासन तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
Author: Khabar Madhya Pradesh 24x7 News
Views: 0



