शरद गर्ग, दमोह/हटा। सावन की पावन बेला में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धर्म की गंगा प्रवाहित हो रही है, इसी क्रम सावन के अंतिम सोमवार को हटा ब्लॉक के समीपस्थ ग्राम बंधा में शिवभक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। श्रद्धा, आस्था और भक्ति से ओतप्रोत ग्रामवासियों ने ब्यारमा नदी से कांवड़ में पवित्र जल भरकर पूरे गांव में भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। हर-हर महादेव के जयघोषों से गांव का वातावरण शिवमय हो उठा। शिवभक्तों का यह भव्य कारवां हनुमान मंदिर एवं गांव के मुख्य मार्गो से होते हुए जितेंद्र यादव के निवास पर पहुंचा, जहां पंडित शिवम गर्ग द्वारा भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक कराया गया। जयकारों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। सैकड़ों की संख्या में शामिल ग्रामीणों ने अनुशासन, श्रद्धा और समर्पण की मिसाल पेश की। यह आयोजन न केवल शिवभक्ति का प्रतीक बना, बल्कि ग्रामवासियों की एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का गौरवपूर्ण प्रदर्शन भी रहा।




