पटेरा में अवैध खनन को लेकर देर रात हंगामा: विधायक प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप, बछड़े की मौत से भड़का गुस्सा, एसपी को सौंपा गया ज्ञापन

SHARE:

दमोह/पटेरा। पटेरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 13 स्थित जमुनिया नाला के पास बुधवार देर रात उस समय हंगामा मच गया जब विधायक उमा देवी खटीक के प्रतिनिधि भरत पटेल पर अवैध खनन का आरोप लगाते हुए भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और एक पोकलेन मशीन व डंपर को जब्त कर लिया। स्थानीय पुलिस और प्रशासन को जानकारी देने के बावजूद करीब 2 से 3 घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने पटेरा थाने का घेराव कर पुलिस पर सत्ता के दबाव में काम करने के आरोप लगाए। इस दौरान घटनास्थल से भागने की कोशिश में भरत पटेल की कार से एक बछड़ा कुचला गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से हिंदू संगठनों का आक्रोश और बढ़ गया। आरोप है कि संगठन के सदस्यों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं पत्रकारों को कवरेज से रोकने और थाना प्रभारी सरोज ठाकुर द्वारा अनुचित शब्दों के प्रयोग की बात भी सामने आई है। इन सभी मामलों को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने गुरुवार को दमोह एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा, जिसमें सही जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। वही संगठन द्वारा लगातार कई मामलों में एसपी को ज्ञापन सौंपने के बाद अब तक उन ज्ञापन के विरुद्ध कोई ठोस कार्यवाही देखने को नहीं मिली है, जिससे जिले पुलिस कप्तान की भूमिका भी संदेह के घेरे में बनी हुई है।

Leave a Comment