नशा उन्मूलन, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट पर सेंट टेरेसा स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित

SHARE:

  रिपोर्टर  : नीतिन पंडित
बुरहानपुर / युवाओं को कानून के प्रति जागरूक करने, सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने एवं विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बुरहानपुर द्वारा सेंट टेरेसा स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में नशा उन्मूलन, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी गई।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना के मार्गदर्शन में, जिला न्यायाधीश एवं सचिव निलेश कुमार जिरेती के नेतृत्व तथा सुश्री अनुपमा मुजाल्दे के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें वरिष्ठ पैरालीगल वॉलेंटियर एवं कुटुंब न्यायालय परामर्शदाता महेंद्र जैन, पीएलवी डॉ. फौजिया सोडावाला, पीएलवी डॉ. किरण सिंह तथा पैरालीगल वॉलेंटियर एवं कुटुंब न्यायालय परामर्शदाता अल्मास खान ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी विषयों पर जागरूक किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए महेंद्र जैन ने नशे के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहकर स्वयं के साथ-साथ समाज और प्रदेश को स्वस्थ बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं भविष्य को प्रभावित करती है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही नशामुक्त भारत अभियान की परिकल्पना साकार हो सकती है।
डॉ. फौजिया सोडावाला ने मोटर व्हीकल एक्ट के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित आयु पूर्ण करने के बाद वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाकर ही वाहन चलाना चाहिए। यातायात नियमों का पालन करना, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपायों का उपयोग करना सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के लिए बेहद जरूरी है।
डॉ. किरण सिंह ने पॉक्सो एक्ट के विषय में विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों को अपने शरीर की सुरक्षा एवं अच्छे-बुरे स्पर्श की पहचान होना आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति अनुचित तरीके से स्पर्श करता है या किसी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न करता है, तो बच्चे बिना डर के उसका विरोध करें और तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें।
अल्मास खान ने बाल विवाह की रोकथाम एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कानूनी उम्र से पहले विवाह करना कानूनन अपराध है। बाल विवाह बच्चों के भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को प्रभावित करता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस कुप्रथा के विरुद्ध जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान महेंद्र जैन ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन के लिए शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर सेंट टेरेसा स्कूल की प्राचार्य मोनी ग्रेस, प्रबंधक फादर फिलिप सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका श्रुति मिश्रा ने किया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई