संवाददाता शरद गर्ग दमोह Damoh News
दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र में कथित लव जिहाद के मामले ने मंगलवार को अप्रत्याशित मोड़ ले लिया। मुस्लिम युवक के साथ गई युवती आराधना गौतम ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से सरवर खान के साथ गई और उससे शादी भी कर ली है। वीडियो में युवती ने यह भी कहा कि वह पिछले सात साल से सरवर को जानती है और उसे पहले से पता था कि वह मुस्लिम है।
एक दिन पहले हिंदू संगठनों ने उठाई थी आवाज, सौंपा था ज्ञापन
इससे पूर्व युवती के परिजनों ने हटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, वही कल 11 अगस्त 2025 को विहिप, बजरंग दल संगठन और ब्राह्मण समाज ने दमोह एसपी के नाम हटा थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा था। आरोप था कि गैसाबाद निवासी सरवर खान ने खुद को सौरभ बताकर युवती को अपने जाल में फंसाया। पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।
दोनों बालिग, युवक करता है हार्डवेयर की दुकान में काम
आराधना बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा है और 20 साल की है, जबकि सरवर खान 22 वर्ष का है और हार्डवेयर की दुकान में कार्य करता है। युवती का कहना है कि नौ अगस्त को वह अपनी इच्छा से सरवर के साथ गई थी और शादी भी कर ली।
सरवर के परिवार को बताया निर्दोष
वीडियो में आराधना ने साफ कहा कि इस मामले में सरवर के परिवार का कोई हाथ नहीं है। साथ ही उसने चेतावनी दी कि अगर उसके या सरवर के परिवार के साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए उसके परिजन और रिश्तेदार जिम्मेदार होंगे।
सोने-चांदी के जेवर लेकर गई युवती
शिकायत में परिजनों ने बताया था कि आराधना 9 अगस्त को मामा के घर जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। उनका आरोप था कि सरवर खान ने खुद को सौरभ बताकर दोस्ती की और युवती को बहला-फुसलाकर ले गया। परिजनों के अनुसार, वह अपने साथ सोने-चांदी के जेवर भी ले गई। हटा थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय का कहना है, कि उनकी टीमें युवती की तलाश में लगी है। दस्तयाब होने के बाद युवती के बयान दर्ज किए जाएंगे। आरोप साबित होने पर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।




