(रिपोर्टर नितिन पंडित)
बुरहानपुर। बड़े बालाजी महाराज का 15 दिवसीय महोत्सव रविवार, 25 अक्टूबर को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन मंदिर परिसर के चांदनी चौक में भगवान बालाजी महाराज रास मंडल वाहन पर श्रीकृष्ण रूप में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। डांडिया खेलती गोपियों के बीच भगवान के मनमोहक स्वरूप को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
मुख्य पुजारी मोहन बालाजीवाले एवं बड़े बालाजी मंदिर संस्थान के आशीष भगत ने बताया कि अंतिम दिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। मंदिर परिसर के बाहर स्थित चांदनी चौक में तीनों ओर से दर्शन की व्यवस्था की गई थी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए परिक्रमा स्थल भी बनाया गया, जहां भक्तों ने परिक्रमा कर भगवान के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। श्रद्धालुओं ने श्रीजी के समक्ष सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना करते हुए प्रार्थना की।
पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों का जताया आभार
मंदिर संस्थान ने 15 दिवसीय महोत्सव के दौरान समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से धार्मिक कार्यक्रमों, रथयात्रा तथा भगवान के दर्शन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने वाले पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का विशेष आभार व्यक्त किया। संस्थान ने कहा कि मीडिया के सहयोग से शहर सहित दूर-दराज के श्रद्धालुओं को भगवान की यात्रा, दर्शन और विभिन्न धार्मिक आयोजनों की जानकारी लगातार मिलती रही।
प्रशासन और पुलिस के सहयोग की सराहना
महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन, विद्युत विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी मंदिर संस्थान ने आभार व्यक्त किया। संस्थान ने स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा, विद्युत व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
समितियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और भक्तों को धन्यवाद
आशीष भगत एवं मुख्य पुजारी मोहन बालाजीवाले ने महोत्सव की सफलता में योगदान देने वाली मंदिर से जुड़ी विभिन्न समितियों, सेवाभावी कार्यकर्ताओं, सेवकों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का भी आभार माना। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयास, सेवा भावना और समर्पण से 15 दिवसीय महोत्सव भक्तों के लिए यादगार बना। मंदिर संस्थान ने कामना की कि भगवान बड़े बालाजी महाराज सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें तथा उनके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें।


