हरियाली की ओर कदम: लक्ष्य संस्था ने पौधों की निराई-गुड़ाई कर दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

SHARE:

दमोह। सामाजिक संस्था लक्ष्य द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए रोपित पौधों की निराई-गुड़ाई का कार्य किया गया। यह विशेष अभियान संस्था के मुख्य राष्ट्रीय संरक्षक अमरपाल सिंह लोधी (आईआरएस, जॉइंट कमिश्नर भारत सरकार, पूर्व) के जन्मदिन पर लगाए गए पौधों के संरक्षण हेतु किया गया। लक्ष्य प्रांत प्रचारक मध्यप्रदेश रूपेंद्र सिंह ने बताया कि संस्था केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण की दिशा में भी निरंतर कार्यरत है। बच्चों को कैरियर गाइडेंस उपलब्ध कराना, उनकी हर संभव मदद करना और समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान चलाना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्था के स्वयंसेवक न केवल पौधे लगाते हैं, बल्कि उनकी सुरक्षा और समुचित विकास सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से निराई-गुड़ाई, खाद-पानी और आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था भी करते हैं। वर्तमान में आयुष केंद्र फतेहपुर, पुलिस चौकी फतेहपुर, हायर सेकेंडरी स्कूल फतेहपुर, पीएम श्री हायर सेकेंडरी स्कूल मगरोन, नवीन माध्यमिक शाला कनोरा, प्राथमिक शाला सेमरा, रामनगर, बेलखेड़ी, नीमन तिराहा और बटियागढ़ सहित अनेक स्थानों पर लगाए गए पौधों का संरक्षण कार्य किया गया। लक्ष्य संस्था ने आमजन से भी अपील की कि वृक्षारोपण करने के बाद उनकी देखभाल और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। ताकि आने वाली पीढ़ियों को हरियाली से भरपूर सुरक्षित वातावरण मिल सके और जीवन का संतुलन बना रहे।

Leave a Comment